हिंदी पत्रकारिता के 200 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर बहराइच में जुटेंगे देश-विदेश के पत्रकार*****
बहराइच :(NNI 24) हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उ0प्र0 जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन, बहराइच द्वारा अंतरराष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन, विचार संगोष्ठी, लघु हास्य-व्यंग्य कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन आगामी 14 जून, रविवार को प्रातः 10 बजे सी0आर0 रिसार्ट, लखनऊ रोड, बहराइच में किया जा रहा है। आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा देश-विदेश के पत्रकारों एवं गणमान्य अतिथियों के आगमन की पुष्टि हो चुकी है।
जिलाध्यक्ष आनन्द प्रकाश गुप्ता एवं मंडलाध्यक्ष शादाब हुसैन ने संयुक्त रूप से बताया कि हिंदी पत्रकारिता की दो शताब्दियों की गौरवगाथा को समर्पित इस ऐतिहासिक आयोजन में नेपाल राष्ट्र के वरिष्ठ पत्रकारों के साथ-साथ भारत के विभिन्न राज्यों एवं विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के अनेक जनपदों के पत्रकार सहभागिता करेंगे। गोरखपुर, मेरठ, बुलन्दशहर, कुशीनगर, बस्ती, देवरिया, मिर्जापुर, विंध्याचल, प्रतापगढ़, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, सीतापुर, श्रावस्ती, बाराबंकी, बलरामपुर, गोंडा, मुजफ्फरनगर तथा राजधानी लखनऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों से वरिष्ठ, युवा एवं प्रतिष्ठित पत्रकारों के आगमन की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभात त्रिपाठी, संयोजक उ0प्र0 मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) करेंगे। डॉ0 आनन्द गोंड, सांसद मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कार्यक्रम का उद्घाटन सैय्यद रज़ा हुसैन रिज़वी, पूर्व सदस्य, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा किया जाएगा।
अति विशिष्ट अतिथियों में पूर्व मंत्री श्रीमती अनुपमा जायसवाल, विधान परिषद सदस्य श्रीमती प्रज्ञा त्रिपाठी, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, नेता विधानमंडल दल एवं नानपारा विधायक राम निवास वर्मा, पूर्व डीआईजी जुगुल किशोर तिवारी तथा पूर्व डीआईजी सालिगराम वर्मा शामिल रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्यामकरन टेकड़ीवाल (प्रतिनिधि, नगर पालिका परिषद बहराइच) एवं पूर्व चेयरमैन हाजी रेहान खाँ अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
सम्मान समारोह में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं निष्पक्ष योगदान देने वाले पत्रकारों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र (सर्टिफिकेट) एवं आकर्षक हस्तघड़ियाँ प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह सम्मान उन पत्रकारों के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक होगा, जो सत्य, निष्पक्षता एवं जनसरोकारों को केंद्र में रखकर पत्रकारिता की गरिमा को निरंतर सुदृढ़ कर रहे हैं। इस सम्मान के माध्यम से निष्पक्ष, निर्भीक एवं उत्तरदायी पत्रकारिता को और अधिक प्रोत्साहन एवं सम्बल प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों में पूर्ण लाल चुके, सिराज खान, डॉ0 डक्ट प्रसाद धिताल, सावित्री गिरी एवं सविता चन्द ठकुरी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। वहीं संपादकीय जगत से आलोक यादव, राहुल यादव, सुधीर शर्मा, महेश सिंह, के0के0 सिंह, विक्रम राव एवं डॉ0 अतुल मोहन सिंह सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन के दौरान पत्रकारिता से जुड़े समसामयिक विषयों, मीडिया की चुनौतियों, डिजिटल युग में पत्रकारिता की बदलती भूमिका, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा लोकतंत्र में मीडिया की जिम्मेदारियों पर गंभीर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही लघु हास्य-व्यंग्य कवि सम्मेलन का आयोजन भी होगा, जो कार्यक्रम को साहित्यिक गरिमा प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु मेजर डॉ0 एस.पी. सिंह, योगेंद्र मिश्र ‘योगी’, के.के. सक्सेना, अनवार खाँ मोनू, रियाज अहमद, सीताराम गुप्ता सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह आयोजन हिंदी पत्रकारिता के 200 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पत्रकार एकता, सम्मान, संवाद और चिंतन का एक ऐतिहासिक मंच सिद्ध होगा तथा बहराइच जनपद के पत्रकारिता इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में स्मरण किया जाएगा।

Cheif Editor
7607966260
