अपने भाग्य पर आँसू बहा रहा बहराइच नगर पालिका क्षेत्र का वार्ड चैतापुरवा घोसियाना,15 साल से बुनियादी सुविधाओं को तरसता चैतुपुरवा मोहल्ला, नाली-खड़ंजा के अभाव में जलभराव और कीचड़ से परेशान 200 से अधिक परिवार********
*प्राथमिक विद्यालय जाने वाले बच्चों को भी उठानी पड़ रही परेशानी, बांस-बल्ली के सहारे झूल रहे बिजली के तार*
बहराइच : (NNI 24) नगर पालिका परिषद बहराइच क्षेत्र के दरगाह इलाके में कैलाश होटल के समीप स्थित घोसियाना चैतुपुरवा मोहल्ला पिछले करीब 15 वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में बदहाली का दंश झेल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से मोहल्ले की गलियों में न तो समुचित नाली व्यवस्था है और न ही खड़ंजा अथवा पक्की सड़क का निर्माण कराया गया है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती है। जगह-जगह जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मोहल्ले में करीब 200 से अधिक परिवार और लगभग 1500 लोग निवास करते हैं। इसके बावजूद यहां की गलियों और रास्तों की हालत वर्षों से जस की तस बनी हुई है। नालियों का उचित इंतजाम नहीं होने के कारण घरों और गलियों का पानी रास्तों पर जमा हो जाता है। कई स्थानों पर कीचड़ इतना अधिक हो जाता है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
बच्चों के लिए भी बना परेशानी का सबब
इसी क्षेत्र के समीप प्राथमिक विद्यालय घोसियाना स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ने के लिए पहुंचते हैं। मोहल्ले की गलियों में जलभराव और कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कीचड़ और फिसलन के चलते आए दिन बच्चे गिरकर चोटिल होने की स्थिति में पहुंच जाते हैं। अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
बांस-बल्ली के सहारे बिजली के तार, हादसे का खतरा
मोहल्ले में विद्युत व्यवस्था भी लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्याप्त विद्युत खंभे नहीं होने के कारण कई जगह बिजली के तार बांस-बल्ली के सहारे झूल रहे हैं। आबादी के बीच इस तरह लटकते तार कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। बारिश के मौसम में खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से नगर पालिका और संबंधित विभागों से मोहल्ले की समस्याओं के समाधान की मांग की जाती रही है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मोहल्ले का स्थलीय निरीक्षण कराकर नाली, खड़ंजा एवं सड़क निर्माण कराने तथा विद्युत व्यवस्था को भी दुरुस्त कराने की मांग की है।
मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी एवं नगर पालिका परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जाने की गुहार लगाई है। लोगों का कहना है कि शहर का हिस्सा होने के बावजूद यदि कोई मोहल्ला वर्षों तक मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहे तो यह गंभीर चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जनहित में जल्द कार्रवाई करते हुए चैतुपुरवा मोहल्ले को जलभराव, कीचड़ और जर्जर रास्तों की समस्या से निजात दिलाएगा।

Cheif Editor
7607966260
