*स्वस्थ चालक, सुरक्षित सड़कें—राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में लिया गया मानव जीवन की सुरक्षा का संकल्प******

*स्वस्थ चालक, सुरक्षित सड़कें—राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में लिया गया मानव जीवन की सुरक्षा का संकल्प******

अब्दुल अजीज

बहराइच : (NNI 24) देश की सड़कों पर आज कल सुरक्षित चलना एक बहुत बड़ी चुनौती है अपने सफर हों या किसी आवश्यक कार्य हर किसी को अपने गन्तव्य पर पहुंचने से लेकर अपने घरों तक सुरक्षित लौटने की उम्मीद लेकर चलता है। इसी उम्मीद को सुरक्षित बनाने के शासन और प्रशासन की ओर से बराबर प्रयास भी किये जा रहे हैं इसी क्रम में आज शासन की मन्शा के अनुरूप परिवहन विभाग द्वारा ARTO प्रशासन के नेतृत्व में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा के ड्राइवरों एवं विभिन्न विभागों के सरकारी वाहन चालकों के लिए नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार द्वारा किया गया।

शिविर में पहुंचे वाहन चालकों को संबोधित करते हुए एआरटीओ प्रशासन श्री ओम प्रकाश सिंह ने भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि “वाहन चालक केवल वाहन नहीं चलाते, बल्कि अपने साथ सैकड़ों जिंदगियों की जिम्मेदारी भी लेकर चलते हैं। यदि चालक स्वस्थ रहेगा, तभी सड़कें सुरक्षित रहेंगी।” उन्होंने कहा कि नियमित नेत्र परीक्षण एवं ब्लड प्रेशर की जांच कराना दुर्घटनाओं से बचाव की पहली सीढ़ी है।

उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग की अपील करते हुए कहा कि यह नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षक कवच है। साथ ही सड़क किनारे वाहन खड़ा करते समय पार्किंग लाइट के उपयोग पर विशेष जोर दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतें थोड़ी सी सावधानी और समय पर स्वास्थ्य जांच से रोकी जा सकती हैं। इसी उद्देश्य से जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देशित किया गया है कि नियमित रूप से शिविर लगाकर वाहन चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए।

उन्होंने बताया कि आशा, एएनएम और स्वास्थ्य विभाग के अन्य कार्मिकों के माध्यम से आम जनमानस को सड़क सुरक्षा, दुर्घटना से बचाव और प्राथमिक उपचार के प्रति निरंतर जागरूक किया जा रहा है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी श्री बृजेश सिंह ने जानकारी दी कि आज आयोजित शिविर में 60 से अधिक वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण, ब्लड प्रेशर और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान कई चालकों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श भी दिया गया।
शिविर में मौजूद वाहन चालकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल उनके स्वास्थ्य की चिंता करते हैं, बल्कि यह एहसास भी कराते हैं कि “हम सुरक्षित रहेंगे, तभी सड़क पर चलने वाला हर व्यक्ति सुरक्षित रहेगा।”
कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन के प्रति हमारी संवेदनशीलता का प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *