श्रावस्ती को हवाई अड्डे से पहले बस अड्डे और बुनियादी सुविधाओं की जरूरत थी : मसूद आलम ख़ान

श्रावस्ती को हवाई अड्डे से पहले बस अड्डे और बुनियादी सुविधाओं की जरूरत थी : मसूद आलम ख़ान

श्रावस्ती : (NNI 24) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मसूद आलम ख़ान ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधानसभा श्रावस्ती के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में पहुंचकर ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर छात्रों को सम्मानित किया।

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मसूद आलम ख़ान ने कहा कि श्रावस्ती विश्व मानचित्र पर महत्वपूर्ण बौद्ध पर्यटन स्थल है और महात्मा बुद्ध की तपोस्थली रही है, लेकिन यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज भी श्रावस्ती की पहचान उत्तर प्रदेश के सबसे पिछड़े जिलों में है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और वर्तमान विधायक के कार्यकाल में श्रावस्ती विकास की दौड़ में पीछे छूट गया है। श्रावस्ती को हवाई अड्डे से पहले एक बेहतर बस अड्डे, रेलवे कनेक्टिविटी, उद्योग-कारखानों, रोजगार के अवसर, अच्छे अस्पताल, बेहतर विद्यालय, मजबूत सड़क और विद्युत व्यवस्था की जरूरत थी। इन मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा के लिए बाहर जाना पड़ता है।

मसूद आलम ख़ान ने कहा कि सरकार को श्रावस्ती की वास्तविक समस्याओं और प्राथमिकताओं पर ध्यान देना चाहिए। सिर्फ बड़ी घोषणाओं से विकास नहीं होता, बल्कि जनता को सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और परिवहन जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना ही वास्तविक विकास है।

उन्होंने कहा कि श्रावस्ती की जनता विकास के मुद्दे पर 2027 के विधानसभा चुनाव में अपना फैसला सुनाएगी और विकास विरोधी भाजपा को सत्ता से हटाकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी के नेतृत्व में सरकार बनाने का काम करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *