हर्षाेल्लास के साथ जनपद में मनाया गया 80वां स्वतन्त्रता दिवस,
सम्मानित किये गये स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी परिजन******
अब्दुल अज़ीज़
बहराइच : (NNI 24) स्वतऩ्त्रता दिवस समारोह जनपद में गरिमापूर्ण तरीके से हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिले में स्वतन्त्रता दिवस समारोह का शुभारम्भ क्रासकंट्री दौड़ तथा एनसीसी कैडेट्स द्वारा निकाली गयी प्रभात फेरी के साथ हुआ। सरकारी भवनों व शिक्षण संस्थाओं में ध्वाजारोहण तथा राष्ट्रगान गायन एवं मंदे मातरम गायन के साथ अन्य विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर स्वतन्त्रता संग्राम के ज्ञात-अज्ञात अमर सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किये गये। मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट में आयोजित हुआ जहां पर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर माण्टेसरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा भावपूर्ण राष्ट्रगान तथा वंदे मातरम गायन प्रस्तुत किया गया।
स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी परिजनों श्रीमती कबूतरी देवी, श्रीमती चन्द्रकान्ती देवी, श्रीमती सुन्दरा देवी, तारिक बेग, कर्मवीर सिंह एडवोकेट, कामरान सिद्दीकी व रमेश कुमार मिश्र, काव्यपाठ करने वाले कवियों एवं शायरों अल्लन बहराइची, लक्ष्मी कांत त्रिपाठी मृदुल व रईस सिद्दीकी तथा 16 जुलाई 2026 को ग्राम टिकुरी मगरमच्छ हमले की घटना में पीड़ित को बचाने हेतु किये गये साहसिक प्रयास हेतु अनिल सिंह उर्फ इंस्पेक्टर सिंह को अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा राष्ट्रगान प्रस्तुत तथा वंदे मातरम गायन प्रस्तुत करने वाली छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
समारोह को सम्बोधित करते हुए डीएम श्री त्रिपाठी ने स्वतन्त्रता संग्राम के ज्ञात-अज्ञात अमर सेनानियों को नमन करते हुए सभी को 80वें स्वतन्त्रता दिवस की बधाई दी। डीएम ने कहा कि अमर शहीदों के त्याग और बलिदान से आज हम एक स्वतंत्र राष्ट्र में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम जहाँ भी जिस पद पर हैं अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा व लगन से निर्वहन कर आमजनमानस की समस्याओं का समाधन करने का भरसक प्रयास करें। हमारा यहीं कृत्य अमर सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
डीएम श्री त्रिपाठी ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी व प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसानों के उत्थान एवं सर्वांगीण विकास के लिए अनेकों योजनाएं तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। हमारा प्रयास होना चाहिए कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ समाज के अन्तिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे। श्री त्रिपाठी ने कहा कि आकांक्षात्मक जनपद बहराइच में तेज़ी के साथ विकास हुआ है। नीति आयोग द्वारा निर्धारित सूचकांकों में उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की गई है। उन्होंने जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आहवान किया कि टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले को सामान्य जनपदों की श्रेणी में लाने का प्रयास करें।
कार्यक्रम को अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर अमिता यादव डीजीसी रेवन्यू अजय शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए लोगों को स्वतन्त्रता दिवस की बधाई दी तथा स्वतन्त्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन कलेक्ट्रेट कर्मी संदीप मिश्रा ने किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट व कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी व कर्मचारी तथा संभ्रान्त व गणमान्यजन मौजूद रहे। समारोह के उपरान्त डीएम ने अन्य अधिकारियों के साथ स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी परिसर स्थित त्रिमूर्ति, शहीद पार्क एवं अम्बेडकर पार्क में स्थापित मूर्तियों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये।

Cheif Editor
7607966260
