आमरण अनशन शुरू: पत्रकार ने न्यायिक कार्रवाई की मांग उठाई, संगठन ने भी सौंपा प्रार्थना पत्र,,,,,,

आमरण अनशन शुरू: पत्रकार ने न्यायिक कार्रवाई की मांग उठाई, संगठन ने भी सौंपा प्रार्थना पत्र,,,,,,

अमेठी : (NNI 24) जनपद के ग्राम भरथीपुर निवासी पत्रकार त्रिपुरारी पाण्डेय ने संबंधित प्रकरण में कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को अपने निजी आवास पर आमरण अनशन प्रारम्भ कर दिया।
पत्रकार का कहना है कि उन्होंने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए निष्पक्ष जांच एवं मुकदमे की स्थिति स्पष्ट करने का अनुरोध किया था, लेकिन निर्धारित समयावधि के बाद भी संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अनशन शुरू करने का निर्णय लिया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के संबंध में उनका पक्ष सुने बिना ही दबाव में आकर फर्जी तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया।
इसी क्रम में क्षत्रिय करणी सेना के पदाधिकारियों द्वारा पुलिस अधीक्षक, अमेठी को संबोधित एक प्रार्थना पत्र भी प्रस्तुत किया गया है। पत्र में दर्ज मुकदमे को निराधार एवं कथित रूप से गलत बताते हुए 24 से 48 घंटे के भीतर निष्पक्ष जांच कर मुकदमा वापस लेने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन को आगे धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
वहीं, पत्रकार ने स्पष्ट किया है कि अनशन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों एवं नामित व्यक्ति की होगी।
हालांकि, इस संबंध में प्रशासनिक पक्ष से आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा है और लोगों की नजर आगे की कार्रवाई पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *