अजय राय की जगह आराधना मिश्रा ‘मोना’ को यूपी कांग्रेस की कमान, इमरान मसूद बने कार्यकारी अध्यक्ष*****

यूपी कांग्रेस में हुआ बड़ा फेरबदल,अजय राय की जगह आराधना मिश्रा ‘मोना’ को यूपी कांग्रेस की कमान, इमरान मसूद बने कार्यकारी अध्यक्ष*****

लखनऊ : (NNI 24) उत्तर प्रदेश कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए कांग्रेस ने रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके स्थान पर अब तक प्रदेश कांग्रेस की कमान संभाल रहे अजय राय को पद से हटा दिया गया है। कांग्रेस है कमान द्वारा सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया है।

आराधना मिश्रा ‘मोना’ वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। वह रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार विधायक चुनी गई हैं और प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।

दो दशक से सक्रिय राजनीति में आराधना मिश्रा लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हैं। विधानसभा के आधिकारिक रिकॉर्ड में उनकी विशेष रुचियों में समाज सेवा तथा दिव्यांगजनों के कल्याण से जुड़े कार्यों का उल्लेख है।

विधानसभा में उनके कामकाज के आंकड़ों के अनुसार 2022-25 की अवधि में उन्होंने 95.1 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की और 30 प्रश्न पूछे। ये आंकड़े उनके विधायी कार्यों की एक तस्वीर प्रस्तुत करते हैं।

आराधना मिश्रा ने कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसरोकार के मुद्दों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्हें प्रियंका गांधी वाड्रा के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान से जुड़े प्रमुख नेताओं में भी बताया गया है।

महिला नेतृत्व को मिली नई जिम्मेदारी

आराधना मिश्रा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस की कमान पहली बार एक महिला विधायक के हाथों में आने का संदेश भी पार्टी संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं। कांग्रेस के सामने संगठन को बूथ और जिला स्तर तक मजबूत करने तथा विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच अपनी राजनीतिक उपस्थिति बढ़ाने की चुनौती है।

कांग्रेस ने संगठन में क्षेत्रीय और सामाजिक प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष तथा आलोक प्रसाद और देवेंद्र निषाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी है।

प्रमोद तिवारी की राजनीतिक विरासत की बड़ी जिम्मेदारी

आराधना मिश्रा के लिए प्रदेश अध्यक्ष का पद उनके पिता प्रमोद तिवारी की राजनीतिक विरासत से आगे बढ़कर पूरे उत्तर प्रदेश में संगठन का नेतृत्व करने की बड़ी जिम्मेदारी है। रामपुर खास में तिवारी परिवार का लंबे समय से राजनीतिक प्रभाव रहा है और आराधना मिश्रा ने उसी क्षेत्र से अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत की है।

अब नई प्रदेश अध्यक्ष के सामने सबसे बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाना, जमीनी संगठन को मजबूत करना और 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति को प्रदेश स्तर पर लागू करना होगी।

यह बदलाव कांग्रेस के लिए उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक पुनर्गठन का महत्वपूर्ण कदम है और आने वाले महीनों में आराधना मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी किस तरह अपनी प्रदेश इकाई को आकार देती है, यह राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *