*आजादी के जश्न में डूबा बहराइच का पत्रकार समाज,स्वतंत्रता दिवस के पूर्व शहर में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा *******
अब्दुल अज़ीज़
बहराइच : (NNI 24) स्वतंत्रता दिवस की 80 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आज बहराइच में पत्रकारों द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन कर जन सामान्य में देश भक्ति का संचार करा दिया जिसके फलस्वरूप पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया गया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले पत्रकारों के जोश और उत्साह ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों और गीतों की गूंज सुनाई देती रही।
जिले के विभिन्न पत्रकार संगठनों और मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने बड़ी संख्या में यात्रा में सहभागिता की। यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
तिरंगा यात्रा में शामिल पत्रकार पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए आगे बढ़े। रास्ते भर देशभक्ति के गीतों और नारों से वातावरण गूंजता रहा। यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
शहीदों को किया नमन
यात्रा के दौरान पत्रकारों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि आजादी का पर्व हमें उन अनगिनत बलिदानों की याद दिलाता है, जिनकी बदौलत देश आज स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहा है।
पत्रकारिता की सामाजिक जिम्मेदारी का भी दिया संदेश……
आयोजकों ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ होने के साथ समाज को जोड़ने और जागरूक करने की जिम्मेदारी भी निभाती है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से समाज के हर वर्ग के बीच प्रेम, भाईचारा और सौहार्द मजबूत करने का संदेश देने का प्रयास किया गया है।
प्रशासन ने संभाली व्यवस्था
तिरंगा यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई। नगर पालिका परिषद की ओर से भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था के बीच यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
शहर की सड़कों पर लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और खास बना दिया। पत्रकारों की इस तिरंगा यात्रा ने बहराइचवासियों के बीच ‘एकता में शक्ति’ और ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ का संदेश पहुंचाया।

Cheif Editor
7607966260
